Monday, 5 August 2024

5000 रुपए की मंथली SIP पर 15, 20, 25 और 30 सालों में कितना मिलेगा रिटर्न, जान लीजिए कैलकुलेशन

 आप एसआईपी के जरिए हर महीने म्‍यूचुअल फंड्स में एक निश्चित रकम जमा कर सकते हैं. अगर आप 5000 रुपए की एसआईपी 15, 20, 25 और 30 सालों के लिए शुरू करते हैं, तो आपको कितना रिटर्न मिलेगा. 



यहां जानिए कैलकुलेशन-

आजकल SIP के जरिए म्‍यूचुअल फंड्स में निवेश का चलन काफी बढ़ा है. मार्केट से लिंक्‍ड होने के बावजूद म्‍युचुअल फंड्स को इन्‍वेस्‍टमेंट के काफी बेहतर ऑप्‍शंस में शामिल किया जाता है. लंबे समय तक निवेश करके आप इसके जरिए मोटा पैसा जमा कर सकते हैं. ज्‍यादातर विशेषज्ञ म्‍यूचुअल फंड्स का औसत रिटर्न 12 फीसदी मानते हैं, जो कि किसी भी स्‍कीम से बेहतर है. आप एसआईपी के जरिए हर महीने म्‍यूचुअल फंड्स में एक निश्चित रकम जमा कर सकते हैं. अगर आप 5000 रुपए की एसआईपी 15, 20, 25 और 30 सालों के लिए शुरू करते हैं, तो आपको कितना रिटर्न मिलेगा. यहां जानिए-

जानिए 15, 20, 25 और 30 सालों में रिटर्न

- अगर आप 5000 रुपए महीने की एसआईपी 15 सालों तक लगातार जमा करते हैं तो 15 सालों में आप कुल 9,00,000 रुपए का‍ निवेश करेंगे. 12 फीसदी के हिसाब से आपको इस निवेश पर कुल 16,22,880 ब्‍याज के तौर पर मिलेंगे और 15 सालों में आपको कुल 25,22,880 रुपए मिलेंगे.

- SIP के जरिए म्‍यूचुअल फंड्स में लगातार 20 सालों तक निवेश जारी रखने पर आप कुल 12 लाख रुपए निवेश करेंगे, लेकिन 12 फीसदी के हिसाब से आपको इस पर दोगुने से भी ज्‍यादा रिटर्न मिलेगा. आपको ब्‍याज के तौर पर कुल 37,95,740 रुपए मिलेंगे और 20 साल बाद आप कुल 49,95,740 रुपए हासिल करेंगे.

- 25 सालों तक इसी निवेश को जारी रखने पर आपका निवेश कुल 15,00,000 का होगा, लेकिन आप इस पर 
79,88,175 रुपए का ब्‍याज सिर्फ 12 फीसदी रिटर्न के हिसाब से प्राप्‍त कर सकते हैं. 25 सालों बाद निवेशित रकम और ब्‍याज को मिलाकर कुल 94,88,175 रुपए मिलेंगे.

- वहीं अगर आप लगातार 30 सालों तक निवेश को जारी रखते हैं तो करीब पौने दो करोड़ से भी ज्‍यादा रकम जोड़ सकते हैं. 30 सालों में आपका कुल निवेश 18,00,000 का होगा, लेकिन आप 12 फीसदी के ब्‍याज से ही 1,58,49,569 रुपए कमा लेंगे. इस तरह 30 सालों में आप कुल 1,76,49,569 रुपए प्राप्‍त करेंगे.

SIP में क्‍यों करें निवेश? जानिए फायदे

1- SIP का पहला फायदा तो ये है कि SIP के जरिए निवेश करने में इन्‍वेस्‍टमेंट पीरियड और अमाउंट को लेकर फ्लैक्सिबिलिटी रहती है. यानी, आप अपनी सुविधा अनुसार निवेश की अवधि मासिक, तिमाही या छमाही का ऑप्‍शन चुन सकते हैं. इसके अलावा जब भी आपको जरूरत पड़े आप इसे रोक सकते हैं और अपनी एसआईपी से पैसा निकाल सकते हैं.

2- जब आप समय-समय पर निवेश करते हैं तो आपको रुपी कॉस्‍ट एवरेजिंग का फायदा मिलता है. यानी अगर मार्केट गिरावट में है और आपने पैसा निवेश किया तो आपको ज्‍यादा यूनिट्स अलॉट होंगे और मार्केट में तेजी आने पर अलॉट होने वाले यूनिट्स की संख्या कम होगी. मार्केट में उतार-चढ़ाव की स्थिति में भी आपका खर्च औसत बना रहता है. यानी मार्केट में गिरावट आने पर भी आप लॉस में नहीं जाते. ऐसे में जब मार्केट में तेजी आती है, तो आपको अपने औसत निवेश पर ही बेहतर रिटर्न पाने का मौका मिलता है. 

3- SIP में कम्‍पाउंडिंग का फायदा जबरदस्‍त मिलता है. इसलिए SIP लंबे समय के लिए की जानी चाहिए, ये जितना लंबे समय के लिए होगी कम्‍पाउंडिंग का फायदा उतना ज्‍यादा होगा. कम्पाउंडिंग के तहत आपको केवल उसी रकम पर रिटर्न नहीं मिलता, जिसे आपने निवेश किया है. बल्कि आपको पहले के मिले रिटर्न पर भी रिटर्न मिलता है.

4- SIP के जरिए आप निश्चित समय के लिए बचत करना सीखते हैं, यानी आपको मासिक, तिमाही या छमाही पर जो भी पैसा निवेश करना है, उस रकम की बचत करने के बाद ही आप बाकी खर्च करते हैं. इस तरह आपको अनुशासित निवेश की आदत पड़ती है. 

डिस्क्लेमर : म्यूचुअल फंड्स SIP बाजार जोखिमों के अधीन हैं, योजना से संबंधित सभी दस्तावेजों को ध्यान से पढ़ें।

SIP से आपकी तकदीर बदल सकती है , जानें 5000, 8000, 10000 के मासिक निवेश से कितने सालों में बनेंगे करोड़पति...

करोड़पति बनने का सपना तो हर कोई देखता है, लेकिन इसे पूरा कुछ ही लोग कर पाते हैं. 



अगर आप भी मिडिल क्‍लास परिवार से हैं, नौकरीपेशा हैं और आने वाले समय में खुद को करोड़पति बनते देखना चाहते हैं तो ये सपना SIP के जरिए पूरा हो सकता है. 

एसआईपी के जरिए म्‍यूचुअल फंड में निवेश करना होता है. वैसे तो एसआईपी मार्केट लिंक्‍ड है, लेकिन ज्‍यादातर एक्‍सपर्ट इसे आज के समय में निवेश का सबसे बेहतर जरिया मानते हैं.


एसआईपी में आप जितने लंबे समय के लिए निवेश करेंगे, आपको उतना ही बेहतर रिटर्न मिलेगा. इसमें आपको कंपाउंडिंग इंटरेस्‍ट का फायदा मिलता है. ऐसे में लंबे समय में आपका निवेश किया हुआ पैसा तेजी से वेल्‍थ में कन्‍वर्ट होता है. एसआईपी का औसतन रिटर्न 12 फीसदी का माना जाता है. ये रिटर्न आज किसी भी स्‍कीम की तुलना में काफी ज्‍यादा है. ऐसे में लंबे समय तक एसआईपी में निवेश जारी रखकर आप खुद को करोड़पति बना सकते हैं. जानिए कैसे?

5000 के निवेश से कितने सालों में बनेंगे करोड़पति

मान लीजिए अगर आप आज से 5000 रुपए की एसआईपी भी शुरू करते हैं, तो आप इसको लगातार 26 साल तक जारी रखिए. 12 फीसदी रिटर्न के हिसाब से आपको 26 साल में 1,07,55,560 रुपए मिलेंगे. ज‍बकि 5000 रुपए महीने के‍ हिसाब से आपके कुल 15,60,000 रुपए निवेश होंगे.

8000 रुपए का निवेश कब बनाएगा करोड़पति

अगर आप निवेश की राशि को थोड़ा बढ़ा दें और इसे 8000 रुपए महीने के हिसाब से निवेश करें, तो करोड़पति बनने के लिए आपको कम से कम 22 साल तक निवेश करना होगा. 22 साल में आप कुल 21,12,000 रुपए का निवेश करेंगे, लेकिन 12 फीसदी रिटर्न के हिसाब से आपको 1,03,67,167 रुपए मिलेंगे.

10000 के मासिक निवेश पर कब पूरा होगा सपना

अगर आपकी सैलरी बेहतर है और आप 10000 रुपए महीने के निवेश कर सकते हैं, तो करोड़पति बनने का सपना और जल्‍दी पूरा कर सकते हैं. ऐसे में आपको लगातार 20 साल तक निवेश करना होगा. 20 साल में आप 24,00,000 रुपए निवेश करेंगे, लेकिन आपको 12 फीसदी रिटर्न के तौर पर 99,91,479 रुपए करीब 1 करोड़ रुपए मिलेंगे. वहीं अगर आप इसे 21 साल तक जारी रखें तो 1,13,86,742 रुपए आप रिटर्न के रूप में प्राप्‍त कर सकते हैं.

SIP की खास बात

SIP की अच्‍छी बात ये है कि इसमें आप अपने निवेश को कभी भी बढ़ा या घटा सकते हैं. फाइनेंशियल एक्‍सपर्ट दीप्ति भार्गव कहती हैं, कि बेहतर रिटर्न के लिए हर किसी को हर साल थोड़ा अमाउंट बढ़ाकर निवेश करना चाहिए. चाहे आप 500 रुपए ही बढ़ाएं. ये इतना मुश्किल भी नहीं क्‍योंकि समय के साथ आपकी आमदनी भी बढ़ती है. इसके अलावा एसआईपी में औसतन रिटर्न 12 प्रतिशत है, लेकिन अगर आपको इससे भी ज्‍यादा रिटर्न मिला, तो आपका पैसा और भी कम समय में बढ़ जाएगा. वहीं एसआईपी को जरूरत पड़ने पर आप बीच में रोक भी सकते हैं और समय के अनुसार वहीं से इसे दोबारा शुरू कर सकते हैं.

(डिस्‍क्‍लेमर: म्‍यूचुअल फंड में निवेश बाजार के जोखिमों के अधीन हैं. निवेश से पहले स्‍वयं पड़ताल कर लें या अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें.)